देहरादून में आईटी पार्क में काम करने वाले युवक के साथ लूटपाट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। बदमाशों ने मोबाइल फोन खोजने में मदद मांगने के बहाने युवक को अपने साथ ले जाकर सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम दिया। घायल युवक का दून अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कांवली रोड लक्ष्मण चौक निवासी 23 वर्षीय आकाश आईटी पार्क में नौकरी करता है। गुरुवार देर रात करीब दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह सहस्रधारा क्रॉसिंग के पास कैब का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और अपना मोबाइल फोन खोने की बात कहकर मदद मांगने लगे।
आरोप है कि दोनों युवक आकाश को बातों में उलझाकर स्कूटी पर बैठाकर प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला स्थित सुनसान इलाके में ले गए। वहां बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और करीब 600 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और बैग लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को पुल से नीचे फेंक दिया और फरार हो गए।
घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी कमर की हड्डी टूट गई है। फिलहाल उसका दून अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित के पिता ने प्रेमनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। शुरुआती जांच में युवक सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार युवकों के साथ सामान्य रूप से जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।