देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आगामी 4 और 5 जून को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस इस दौरे को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी बिगुल के रूप में देख रही है। लंबे समय बाद राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा रविवार को देहरादून पहुंचीं।
देहरादून पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कुमारी सैलजा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राहुल गांधी के दौरे से जुड़ी व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
राहुल गांधी के दौरे से होगा चुनावी शंखनाद
प्रेसवार्ता के दौरान कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 4 और 5 जून को प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के अभियान का शुभारंभ करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्ष 2027 के चुनावों को लेकर पूरी तरह एकजुट है और प्रदेश में मजबूत संगठन खड़ा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। कुमारी सैलजा ने बताया कि राहुल गांधी के दौरे के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की जाएगी, जिससे संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर सरकार को घेरा
कुमारी सैलजा ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार देश-विदेश से श्रद्धालुओं को उत्तराखंड आने का निमंत्रण तो दे रही है, लेकिन यात्रा प्रबंधन और सुविधाओं को लेकर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और सरकार यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।
अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन
राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि पौड़ी गढ़वाल में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
पार्टी नेताओं का मानना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश के विभिन्न वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करेगी और आगामी चुनावों के लिए माहौल तैयार करेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह
लगातार विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद कांग्रेस वर्ष 2027 में सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है। ऐसे में राहुल गांधी का दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा का स्रोत माना जा रहा है। प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गए हैं।
गौरतलब है कि राहुल गांधी वर्ष 2021 में उत्तराखंड आए थे। इसके बाद विधानसभा उपचुनाव, 2022 के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के दौरान उनका कोई बड़ा दौरा नहीं हुआ। ऐसे में लंबे अंतराल के बाद होने वाला यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उत्तराखंड पर राष्ट्रीय नेतृत्व का फोकस
कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व भी उत्तराखंड को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा पहले ही कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में कई दौर की संगठनात्मक बैठकों और प्रवास कार्यक्रमों को पूरा कर चुकी हैं। अब राहुल गांधी के दौरे से प्रदेश कांग्रेस को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह दौरा न केवल संगठन को मजबूत करेगा, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तय करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।