देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर उनके विचार जाने और उन्हें शिक्षा के साथ जीवन में सकारात्मक सोच एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के जरिए देशभर के उन लोगों की प्रेरणादायक कहानियां साझा करते हैं, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इससे अन्य लोग भी जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उनके संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई लोग अपने कार्यों के माध्यम से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने और उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
गर्मी से बचाव और पारंपरिक पेय पदार्थों को बढ़ावा देने का संदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मन की बात’ के इस संस्करण में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की। उन्होंने देशवासियों को देसी एवं पारंपरिक पेय पदार्थों को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा आम समेत भारतीय फलों के पोषण और महत्व का भी उल्लेख किया।
छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनसे ‘मन की बात’ को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भविष्य में बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। जब कोई व्यक्ति अच्छा कार्य करता है तो उससे प्रेरित होकर अन्य लोग भी जुड़ते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
उन्होंने कहा कि निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ किए गए कार्य न केवल व्यक्तिगत सफलता दिलाते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। छात्राओं को अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहकर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।