उत्तरकाशी में आधी रात आग का तांडव: शॉर्ट सर्किट से सरकारी कॉलोनी के तीन मकान राख, सिलिंडर फटने से दहशत

उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय में रविवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जहां रामलीला मैदान के समीप आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पीछे स्थित सरकारी कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने तीन मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घरों में रखे रसोई गैस सिलिंडर भी फट गए, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है। सरकारी कॉलोनी में बने टिन शेड और लकड़ी के मकानों में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग सबसे पहले एक मकान में लगी और देखते ही देखते अन्य घरों तक फैल गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। सिलिंडर फटने की आवाज से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। कई परिवारों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपने घर खाली कर पड़ोसियों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड, राजस्व विभाग और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन शहर की विद्युत आपूर्ति भी बंद करा दी, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि आग लगने से लकड़ी और टिन शेड से बने तीन मकान पूरी तरह जल गए। मकानों में रखा घरेलू सामान, कपड़े, फर्नीचर और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी आग की भेंट चढ़ गईं। प्रभावित मकानों में तीन परिवार निवास कर रहे थे।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *