Dehradun News: सेलाकुई में श्रमिकों का हंगामा, दून-पांवटा हाईवे पर लगा जाम; पुलिस ने लाठी फटकार कर खदेड़ा

देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को वेतन वृद्धि और ओवरटाइम भुगतान की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन उग्र हो गया। कई कंपनियों के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर सड़कों पर उतरते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान दून-पांवटा हाईवे पर जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और लाठी फटकार कर प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाया गया।

जानकारी के अनुसार, डिक्सन कंपनी के कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी दून-पांवटा राजमार्ग तक पहुंच गए, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अचानक हुए प्रदर्शन से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और अन्य सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन प्रबंधन उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि अतिरिक्त समय तक काम कराने के बावजूद उन्हें निर्धारित भुगतान नहीं मिल रहा है।

उधर, विंडलास बायोटेक लिमिटेड के कर्मचारियों ने भी कार्य बहिष्कार कर कंपनी परिसर के बाहर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के जल्द समाधान की मांग उठाई। कंपनी प्रबंधन कर्मचारियों को समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा।

स्थिति तनावपूर्ण होने पर सेलाकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को हाईवे खाली करने के लिए समझाया। हालांकि, जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया गया।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। श्रमिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *