रुद्रप्रयाग में चंद्रशिला मार्ग पर गिरी आकाशीय बिजली, महिला समेत दो घायल

Rudraprayag जिले के चंद्रशिला-तुंगनाथ ट्रैकिंग मार्ग पर शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, तुंगनाथ मंदिर से करीब दो किलोमीटर आगे चंद्रशिला मार्ग पर अचानक मौसम खराब हो गया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए।

चोपता चौकी प्रभारी मनवर सिंह नेगी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन की टीम के साथ पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू टीम में कांस्टेबल कुलदीप सिंह और होमगार्ड जवान कुंवर सिंह व विक्रम सिंह शामिल रहे। टीम ने घायलों को पहाड़ी मार्ग से नीचे लाकर चोपता पहुंचाया।

इसके बाद दोनों घायलों को आपातकालीन सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. विवेक ने बताया कि घायल युवक की पहचान वेदांत (19) निवासी आवास विकास कॉलोनी, बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला शैल राजपूत (35) हैं। महिला के सिर में चोट लगने के कारण दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

प्रशासन ने मौसम खराब होने के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों और ट्रैकिंग मार्गों पर सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *