विकासनगर: दो हिस्ट्रीशीटर छह माह के लिए जिला बदर, पुलिस ने पांवटा साहिब सीमा पर छोड़ा

विकासनगर (देहरादून):
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विकासनगर पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए दो हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। सोमवार को की गई इस कार्रवाई के तहत दोनों को जनपद की सीमा से बाहर हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब बॉर्डर पर छोड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, कश्यप मोहल्ला जीवनगढ़ निवासी राहुल कश्यप और मुस्लिम बस्ती निवासी आसिफ के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों अपराधियों के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनके चलते क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि राहुल कश्यप के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और नकबजनी समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आसिफ के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य अपराधों के कुल 18 मामले दर्ज हैं।

जिलाधिकारी ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर दोनों को छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए थे। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को जनपद की सीमा से बाहर कर दिया।

पुलिस ने दोनों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान देहरादून जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे। आदेश का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई की सूचना हिमाचल प्रदेश पुलिस को भी दे दी गई है, ताकि सीमा क्षेत्र में सतर्कता बरती जा सके। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *