Uttarkashi: गंगोत्री धाम में बम निरोधक दस्ते की सघन जांच, बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है और किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।

सोमवार को गंगोत्री धाम में बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर, स्नान घाट, पार्किंग स्थल, प्रतीक्षालय और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की गहन जांच की गई। टीम ने मेटल डिटेक्टर और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से हर संदिग्ध वस्तु और स्थान की जांच की।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रमुख पड़ावों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है।

धाम क्षेत्र में पुलिस बल के अलावा एटीएस, बम निरोधक दस्ता, आपदा प्रबंधन और खुफिया इकाइयों की तैनाती की गई है। सभी एजेंसियां मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटी हैं।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *