टिहरी में टला बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराया हेलिकॉप्टर, खेतों में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

टिहरी जिले में मंगलवार को एक बड़ा हवाई हादसा टल गया। बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलिकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिसके बाद पायलट को खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलिकॉप्टर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून लौट रहा था। उड़ान के दौरान चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर अचानक तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। इसी बीच हेलिकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा।

स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हेलिकॉप्टर के उतरते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू कर दिए।

प्राथमिक जांच में सभी यात्रियों को सुरक्षित पाया गया है। किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हेलिकॉप्टर को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज हवाओं के कारण हेलिकॉप्टर को नियंत्रित करने में कठिनाई आने की बात सामने आई है। साथ ही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से हेलिकॉप्टर को नुकसान पहुंचा।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *