देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को एसी में हुए शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट के कारण भीषण आग लग गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में धुआं फैलने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान आईसीयू में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल के आईसीयू में लगे एसी में अचानक ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरा आईसीयू धुएं और गैस से भर गया। घटना के समय आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुआं फैलते ही अस्पताल प्रशासन, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
अस्पताल स्टाफ और पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर मरीजों को बाहर निकाला और उन्हें शहर के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट कराया। हादसे में वेंटिलेटर पर भर्ती बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई। वहीं दो अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना में अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल हुए हैं। वहीं बचाव कार्य के दौरान धुएं और गैस की चपेट में आने से तीन पुलिसकर्मियों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कुल दस लोगों के घायल होने की सूचना है।
सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमोद डोबाल, एसपी सिटी, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने अस्पताल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
एसएसपी प्रमोद डोबाल ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। सभी मरीजों और घायलों को अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट माना जा रहा है।