टिहरी गढ़वाल: शादी समारोह में खाना खाने से 35 लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग का मामला

टिहरी गढ़वाल। जिले में एक शादी समारोह के दौरान परोसा गया भोजन लोगों की सेहत पर भारी पड़ गया। भोजन करने के बाद 35 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मामला चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव से जुड़ा है, जहां के निवासी 13 और 14 अप्रैल को बादशाहीथोल में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल हुए थे। समारोह में भोजन करने के कुछ ही समय बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं।

स्वास्थ्य बिगड़ने पर 20 लोगों को बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 15 अन्य को गुरुवार को इलाज के लिए लाया गया। इनमें कुछ मरीजों का इलाज चंबा अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

बीमार होने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक है। पीड़ित महिलाओं के अनुसार उन्होंने समारोह में गोलगप्पे और चाऊमीन जैसे खाद्य पदार्थ खाए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई।

चंबा अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।

प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच कराई जा सकती है, ताकि फूड पॉइजनिंग के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *