चमोली में सेना का वाहन हादसे का शिकार, मंडल–चोपता रोड पर दो जवान घायल; एक को हेलीकॉप्टर से रेफर

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में मंडल–चोपता रोड पर गुरुवार को भारतीय सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सेना के दो जवान घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल जवान को सेना के हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना के जवान “सूर्य देवभूमि चैलेंज” प्रतियोगिता के तहत नेटवर्किंग व्यवस्था स्थापित करने के लिए चोपता क्षेत्र गए थे। वापस मंडल की ओर लौटते समय उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

घटना स्थल पूरी तरह से सुनसान क्षेत्र में स्थित है, जहां मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दुर्घटना के तुरंत बाद सहायता पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा। इसी दौरान चोपता से गोपेश्वर की ओर जा रहे एक वाहन चालक ने खाई में गिरे वाहन को देखा और तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों घायल जवानों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन के जरिए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सेना के हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान जाबाज सिंह (29) निवासी भिवानी, हरियाणा और धवन सिंह (23) के रूप में हुई है। दोनों जवान भारतीय सेना की सिग्नल कंपनी में तैनात हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और सेना के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *