रुद्रपुर के जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले में पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के मुताबिक, सिंह कॉलोनी निवासी सौरभ मिश्रा अपनी गर्भवती पत्नी ज्योति पांडे (28) को बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे प्रसव के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और केवल नर्सिंग स्टाफ के भरोसे उपचार चल रहा था।
बताया गया कि रात करीब 1:30 बजे ज्योति ने एक पुत्री को जन्म दिया। हालांकि प्रसव के कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। साथ ही हालत गंभीर होने पर भी महिला को दूसरे अस्पताल रेफर नहीं किया गया।
मृतका के पति का आरोप है कि उनकी पत्नी की मौत रात में ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना सुबह दी। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।