केदारनाथ धाम में संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार, टेंट जांच के दौरान हथियार और खिलौना बंदूकें बरामद

केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद हुई हैं। घटना के बाद धाम क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।

गुरुवार को रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ धाम में टेंटों और अस्थायी ठिकानों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद की गईं।

सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रायबरेली का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित व्यक्ति को एक टेंट संचालक ने बिना किसी वैध पहचान पत्र के ही ठहराया था। इस पर पुलिस ने संबंधित टेंट संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *