पिथौरागढ़ जिले के थल-मुनस्यारी सड़क मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरकोट के पास एक टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, क्वीटी से मुनस्यारी जा रही टैक्सी संख्या यूके 05 टीए 5586 हरकोट के समीप अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में बला निवासी नेत्र सिंह राणा (70) पुत्र विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में प्रताप सिंह राणा (50), हरीश सिंह (24), ममता (20), चालक चंचल सिंह कोरंगा (55) और यमुना देवी (39) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रताप सिंह, हरीश सिंह, ममता और चालक चंचल सिंह को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं यमुना देवी का उपचार सीएचसी में जारी है।
एंबुलेंस की कमी से बढ़ी मुश्किल
हादसे के दौरान क्षेत्र में एंबुलेंस की कमी भी सामने आई। बताया जा रहा है कि मुनस्यारी क्षेत्र में संचालित मदकोट की 108 एंबुलेंस को आदि कैलाश यात्रा में लगाया गया था। ऐसे में एक घायल को परिजनों को टैक्सी से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।
सुरक्षा इंतजामों की कमी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे वाली जगह लंबे समय से डेंजर जोन बनी हुई है। पिछले 10 वर्षों में यहां तीन सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक पैरापिट और क्रैश बैरियर नहीं लगाए गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा इंतजाम होते तो हादसे को टाला जा सकता था।
अनुभवी चालक पहली बार हुआ हादसे का शिकार
घायल चालक चंचल सिंह कोरंगा पिछले 31 वर्षों से थल-मुनस्यारी मार्ग पर वाहन चला रहे हैं। क्षेत्र में उन्हें बर्फबारी के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जाना जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक तीन दशक में यह पहला मौका है जब उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।