ऋषिकेश: गंभीर मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर कारोबारी से लाखों रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का ऋषिकेश पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और कई डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उन्हें और उनके परिवार को हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि अनुज गोयल नामक व्यक्ति खुद को पुलिस से सेटिंग रखने वाला बताकर मामला दबाने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
पीड़ित कारोबारी ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के चलते आरोपितों ने उससे शुरुआती तौर पर दो लाख रुपये भी वसूल लिए थे। इसके बाद भी गिरोह लगातार बाकी रकम की मांग कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश की निगरानी में टीम ने मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शुभम चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर उसके घर से एक लाख 83 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक यह रकम कारोबारी से वसूले गए पैसों का हिस्सा थी।
इसके बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता अनुज गोयल को लच्छीवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।