ऋषिकेश-देहरादून हाईवे पर जंगलात चौकी के समीप बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही कार से जा भिड़ी। इसके बाद पीछे से आ रही एक अन्य कार भी हादसे की चपेट में आ गई। इस तरह तीन कारों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की कार देहरादून की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन जंगलात चौकी के पास पहुंचा, अचानक उसका टायर फट गया। चालक नियंत्रण खो बैठा और कार दूसरी दिशा में चली गई, जहां सामने से आ रही राजस्थान नंबर की कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद पीछे आ रही एक और कार भी दुर्घटना में शामिल हो गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इन वाहनों में सवार राजस्थान से मसूरी घूमने जा रहे पर्यटक और अन्य परिवार के सदस्य थे। सौभाग्य से सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दुर्घटना में कार चालक को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया।
कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार का टायर फटना सामने आया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।