नैनीताल में अधिवक्ता ने कार में खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक अधिवक्ता ने कथित तौर पर अपनी कार के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

मृतक की पहचान अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, क्लेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग में उनकी कार खड़ी थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास मौजूद लोग चौंक गए। जब लोगों ने कार के भीतर झांककर देखा तो अधिवक्ता लहूलुहान अवस्था में पड़े थे।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कार का निरीक्षण किया तो अधिवक्ता मृत अवस्था में मिले। उनके हाथ में पिस्टल पाई गई। वहीं, कार के डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी बीमारी और मानसिक तनाव का जिक्र किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक सुसाइड नोट की सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य एकत्र कर रही है।

इस मामले में एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *