देहरादून: उत्तराखंड में कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे के बाद सड़क मार्ग से लौटते हुए दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यात्रा का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली से देहरादून का सफर उन्होंने महज ढाई घंटे में पूरा किया, जो पहले के मुकाबले काफी कम समय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे आधुनिक भारत की तेज़ी से विकसित होती आधारभूत संरचना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सड़क और परिवहन सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है, जिसका लाभ अब उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी मिल रहा है।
सीएम धामी ने बताया कि दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर से न केवल यात्रा समय में कमी आई है, बल्कि इससे पर्यटन, निवेश और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। बेहतर सड़क संपर्क से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इसे “नए भारत की नई रफ्तार” बताते हुए कहा कि इस तरह की परियोजनाएं उत्तराखंड के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।