लैंसडौन नाम बदलने के विरोध में बंद रहा बाजार, लोगों का प्रदर्शन; रक्षा मंत्री को भेजा ज्ञापन

कोटद्वार। लैंसडौन का नाम बदलकर ‘जसवंतगढ़ छावनी’ करने के प्रस्ताव के खिलाफ मंगलवार को स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप क्षेत्र के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

छावनी परिषद की 10 अप्रैल को आयोजित बैठक में लैंसडौन का नाम परिवर्तन करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। जैसे ही यह प्रस्ताव सामने आया, क्षेत्र में इसका विरोध शुरू हो गया। मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन और नागरिक मंच से जुड़े लोग एकजुट होकर गांधी चौक पर एकत्र हुए।

यहां आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि लैंसडौन एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जिसकी पहचान देश-विदेश तक बनी हुई है। ऐसे में नाम बदलने से इसकी ऐतिहासिक और पर्यटन छवि को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि नाम परिवर्तन के बजाय क्षेत्र के विकास कार्यों पर ध्यान दिया जाए।

जनसभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने गांधी चौक से छावनी परिषद कार्यालय तक जुलूस निकालकर विरोध जताया। इस दौरान प्रशासन की ओर से एसडीएम शालिनी मौर्य मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। यह ज्ञापन उनके माध्यम से रक्षा मंत्री को भेजा गया, जिसमें लैंसडौन का नाम यथावत रखने की मांग की गई है।

विरोध प्रदर्शन में शामिल नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी नाम परिवर्तन का विरोध करते हुए कहा कि इससे लैंसडौन की वैश्विक पहचान प्रभावित होगी। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करने की अपील की।

इस दौरान विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने छावनी परिषद के अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपकर अपने विरोध को दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *