लालकुआं। तराई क्षेत्र में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ता टकराव एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत टांडा रेंज के शाह पठानी इलाके में जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि देर रात एक जंगली हाथी ने क्षेत्र में घूम रहे दो लोगों पर अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान 75 वर्षीय बांधो प्रजापति, निवासी झारखंड के रूप में हुई है, जो स्थानीय खेतों में चौकीदारी करता था। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, हालांकि उसे मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, उप प्रभागीय वन अधिकारी शशि देव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम मौजूद रहे।
प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है और उन्होंने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।