जौलीग्रांट (देहरादून): जौलीग्रांट क्षेत्र के पाल मोहल्ले में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम पाल मोहल्ले में किराए के मकान में रहने वाले दंपति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पति गोपाल (39) ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी प्रतिभा (30) पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के पेट में दो बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल प्रतिभा को तुरंत जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का निवासी है और जौलीग्रांट में मजदूरी करता था। वह अपनी पत्नी के साथ पाल मोहल्ले में किराए के घर में रह रहा था।
मृतका के भाई विवेक ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। जौलीग्रांट पुलिस चौकी प्रभारी चिंतामणि मैथानी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।