हरिद्वार। Pushkar Singh Dhami ने हरिद्वार में आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नव निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षत्रिय कलौता समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने हमेशा अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर जवान देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं।
उन्होंने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट की ओर से धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का जीवंत उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि Haridwar भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण एक सराहनीय पहल है। यह धर्मशाला आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में तेजी से कार्य कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रा इस समय अपने चरम पर है और सरकार यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए हर संभव व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे पंजीकरण कराने के बाद ही यात्रा शुरू करें, ताकि यात्रा व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।