देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित सेक्सटॉर्शन रैकेट के मुख्य सरगना को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे गोवा पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान खान निवासी माजरा, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी को 23 मई 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह गोवा के मापुसा थाना में दर्ज गंभीर आपराधिक मुकदमे में वांछित था।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एक संगठित सेक्सटॉर्शन गिरोह का संचालन कर रहा था। यह गैंग अमीर कारोबारियों और उद्योगपतियों को निशाना बनाता था। गिरोह में शामिल महिलाएं सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाती थीं। इसके बाद गैंग के सदस्य खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर पीड़ितों को धमकाते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने गोवा के मापुसा क्षेत्र में किराये पर एक विला लिया हुआ था, जहां गुप्त कैमरे लगाए गए थे। योजना के तहत मुंबई के एक कारोबारी को वहां बुलाया गया और उसके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल किया गया। विरोध करने पर कारोबारी के साथ मारपीट की गई और उससे भारी रकम वसूली गई।
इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें दिल्ली निवासी एक महिला और हरिद्वार निवासी आरोपी शामिल हैं। हालांकि मुख्य सरगना सलमान खान घटना के बाद से फरार था।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड को अपराधियों की शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा। फिलहाल आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच की जा रही है।