Haldwani News: टांडा रेंज में फॉरेस्ट वाचर की हत्या, कुल्हाड़ी से वार करने वाला साथी हिरासत में

हल्द्वानी के टांडा रेंज क्षेत्र में वन विभाग के एक फॉरेस्ट वाचर की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी साथी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। वारदात से वन विभाग और स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी निवासी मेवाराम (50) के रूप में हुई है, जो टांडा रेंज में फॉरेस्ट वाचर के पद पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब एक बजे मेवाराम अपने एक साथी के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से मेवाराम की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद टीपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *