देहरादून: देहरादून में भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की चेतावनी के बाद सोमवार को जिले में लू और अत्यधिक तापमान का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को तापमान में और बढ़ोतरी होने के साथ लू चलने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने एहतियातन सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को धूप और गर्मी से बचाकर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ दें।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अस्पतालों में हीटवेव से निपटने के लिए जरूरी दवाइयों, बेड और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, सिर को ढककर रखें और अधिक से अधिक पानी का सेवन करें, ताकि लू से बचाव किया जा सके।