देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्कूल की छुट्टी के बाद चार बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। घटना के बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि पुलिस लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर स्थित हिमालयन पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले चार बच्चों की बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे छुट्टी हुई थी। रोज की तरह उन्हें स्कूल बस से घर लौटना था, लेकिन वे बस में सवार नहीं हुए। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू की।
परिजनों द्वारा स्कूल प्रशासन से संपर्क करने पर यह स्पष्ट हुआ कि बच्चे बस में बैठे ही नहीं थे। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई।
घटना को कई घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल, पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है और स्थानीय लोग भी बच्चों की तलाश में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं।