देहरादून। महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेसवार्ता के दौरान विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस प्रकार इस विधेयक का विरोध किया गया, वह देश की नारी शक्ति का सीधा अपमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार देश की महिलाओं को यह भरोसा दिलाती है कि उनके अधिकारों की रक्षा हर हाल में की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर काम करते हुए महिलाओं को उनका उचित अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
सीएम धामी ने विपक्ष के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद में विधेयक के पारित न होने पर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों द्वारा जश्न मनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे यह संदेश गया मानो उन्होंने मातृशक्ति को पराजित कर दिया हो, जबकि सच्चाई यह है कि मातृशक्ति कभी हारती नहीं है।
उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में हुई चर्चा केवल विधेयकों तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह देश की आधी आबादी को नीति-निर्माण में समान भागीदारी देने का ऐतिहासिक अवसर था। इसके बावजूद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके जैसे दलों ने इसका विरोध कर राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी।
राज्य के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण से लेकर सामाजिक और आर्थिक विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। यदि यह संविधान संशोधन विधेयक पारित हो जाता, तो महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और अधिक मजबूत होती। ऐसे में इस प्रक्रिया में देरी सामाजिक प्रगति को प्रभावित करती है।
सीएम धामी ने कांग्रेस के महिला अधिकारों से जुड़े रिकॉर्ड को भी कमजोर बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने हमेशा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय फैसलों का विरोध किया है। समाजवादी पार्टी द्वारा धर्म आधारित आरक्षण की मांग को उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति बताया और इसे संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
परिसीमन को लेकर उठाई गई विपक्ष की आशंकाओं को भी मुख्यमंत्री ने खारिज करते हुए कहा कि ये तथ्यहीन हैं और केवल भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने अंत में कहा कि राज्य और केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाते रहेंगे।