देहरादून। चारधाम यात्रा के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जौलीग्रांट हेलीपैड से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा गुरुवार से शुरू की जा रही है। इस सेवा के लिए रुद्राक्ष एविएशन का एमआई-17 हेलीकॉप्टर जौलीग्रांट पहुंच चुका है और उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार है।
गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे हेलीकॉप्टर अपनी पहली उड़ान भरेगा। एक बार में 20 श्रद्धालुओं को दोनों धामों के लिए ले जाया जाएगा। कंपनी के अनुसार, हेलीकॉप्टर दिन में दो फेरे लगाएगा, जिससे प्रतिदिन 40 यात्रियों को दर्शन के लिए भेजा जाएगा और उतने ही यात्रियों की वापसी भी सुनिश्चित की जाएगी।
हेली सेवा शुरू होने से पहले मंगलवार को दिल्ली से आई डीजीसीए की टीम ने हेलीकॉप्टर और हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, तकनीकी व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं की जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई।
कंपनी अधिकारियों ने बताया कि विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गुरुवार सुबह सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। यह लगातार चौथा वर्ष है जब कंपनी जौलीग्रांट से बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित कर रही है।
किराया:
हेली सेवा के लिए प्रति व्यक्ति किराया 1.35 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, रात्रि विश्राम सहित पैकेज का शुल्क लगभग 1.50 लाख रुपये रखा गया है।
चारधाम यात्रा में इस हेली सेवा के शुरू होने से विशेषकर बुजुर्गों और कम समय में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।