देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश भाजपा संगठन और सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के तीन दिवसीय दौरे को लेकर संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर बैठक में विस्तार से मंथन हुआ।
भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी नेतृत्व लगातार एकजुटता का संदेश देने में जुटा है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरों के दौरान भी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया था।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को सफल बनाने के लिए संगठन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि बैठक में स्वागत कार्यक्रमों, जनसभाओं और संगठनात्मक बैठकों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
वहीं, गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर सांसद अनिल बलूनी और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मुलाकात को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे भाजपा की सामान्य परंपरा बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं का एक-दूसरे से मिलना और संवाद करना स्वाभाविक प्रक्रिया है, जिससे किसी प्रकार की भ्रांतियां भी दूर हो जाती हैं।
भाजपा संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मान रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।