देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे संगठन और आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देहरादून पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कई स्थानों पर ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर नितिन नवीन का पारंपरिक पहाड़ी टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी चुनावों की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, सभी सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और प्रदेश पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकों में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश भी देंगे। भाजपा नेतृत्व इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मान रहा है।