चुनावी मोड में कांग्रेस, ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी से की मुलाकात, संगठन मजबूती पर मंथन

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात कर चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।

नई दिल्ली में हुई इस अहम बैठक में उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, महिला कांग्रेस की भूमिका, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों पर गहन मंथन किया गया। बताया जा रहा है कि बैठक में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया।

ज्योति रौतेला ने इस दौरान प्रियंका गांधी को देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया। प्रियंका गांधी ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए जल्द उत्तराखंड दौरे का संकेत दिया है। इससे प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

बैठक में प्रियंका गांधी ने आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना होगा और महिला शक्ति को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बनाना होगा।

मुलाकात के बाद ज्योति रौतेला ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड पर लगातार नजर बनाए हुए है और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है और पार्टी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में जुटे हुए हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, कांग्रेस आगामी चुनावों में महिला मतदाताओं और संगठनात्मक मजबूती को केंद्र में रखकर रणनीति तैयार कर रही है। ऐसे में ज्योति रौतेला और प्रियंका गांधी की यह मुलाकात आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *