देहरादून पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पारंपरिक अंदाज में हुआ जोरदार स्वागत

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। ढोल-दमाऊ की थाप, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी पारंपरिक उत्तराखंडी वेशभूषा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। कई महिलाएं पीली साड़ी और पारंपरिक नथ पहनकर एयरपोर्ट पहुंचीं। महिलाओं ने तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर उनका अभिनंदन किया, जिससे कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति की विशेष झलक दिखाई दी।

नितिन नवीन के स्वागत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। एयरपोर्ट से लेकर देहरादून शहर तक कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य चौराहों और प्रमुख मार्गों पर कार्यकर्ता फूल-मालाएं लेकर खड़े रहे और राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते रहे।

भाजपा नेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश संगठन की बैठकों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति और चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा की जाएगी।

भाजपा का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके दौरे को लेकर उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *