Rishikesh: मेरठ से घूमने आए छह लोगों के दल के साथ हादसा, गंगा में बहने से महिला समेत दो लोग लापता

ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेरठ से घूमने आए छह लोगों के एक दल में शामिल महिला समेत दो लोग गंगा की तेज धारा में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

जानकारी के अनुसार थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली झूला पुल के पास मेरठ से आए छह लोग घूमने के लिए पहुंचे थे। सभी लोग मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत बताए जा रहे हैं और छुट्टी होने के चलते ऋषिकेश घूमने आए थे।

बताया जा रहा है कि समूह के सदस्य सिंगटाली बाजार में कार पार्क करने के बाद झूला पुल पार कर पुल के नीचे गंगा नदी में स्नान करने चले गए। इसी दौरान स्नान करते समय एक महिला और एक पुरुष का संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण दोनों नदी में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला और ब्यासी टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि डीप डाइवरों की मदद से नदी की गहराइयों में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल दोनों लापता लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। डूबने वालों की पहचान ऋतु (30) पत्नी वांशिक माहेश्वरी निवासी मेरठ और नरेश उपाध्याय (42) निवासी जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है।

घटना के बाद से साथ आए अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से गंगा किनारे सतर्कता बरतने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न उतरने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *