चमोली में आंधी-तूफान से बड़ा हादसा टला, गैस सिलिंडरों से भरे वाहन पर गिरा पेड़

चमोली जिले में बृहस्पतिवार शाम अचानक बदले मौसम के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घिंघराण बस अड्डे के समीप तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल पेड़ व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरे पिकअप वाहन के ऊपर गिर गया। हादसे के समय चालक और गैस वितरक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार हिमालयन गो गैस एजेंसी का वाहन व्यावसायिक गैस सिलिंडरों को लेकर एजेंसी की ओर जा रहा था। शाम करीब छह बजे वाहन घिंघराण बस अड्डे के पास पहुंचा ही था कि अचानक मौसम खराब हो गया। तेज बारिश और आंधी के चलते सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ टूटकर सीधे वाहन के ऊपर आ गिरा।

वाहन चालक सतीश कुमार और गैस वितरक विरेंद्र कुमार ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना पुलिस और फायर सर्विस को दी गई। मौके पर पहुंची फायर टीम ने कटर मशीन की सहायता से पेड़ की टहनियों को काटकर हटाया, जिसके बाद सड़क पर यातायात दोबारा शुरू हो सका।

हिमालयन गो गैस एजेंसी के मैनेजर मोहन सिंह ने बताया कि यदि चालक और वितरक समय रहते वाहन से बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जिले में बदला मौसम का मिजाज

बृहस्पतिवार शाम जिले के कई क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। कर्णप्रयाग में तेज आंधी के साथ धूल भरी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं नारायणबगड़ क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई। थराली में हल्की बारिश दर्ज की गई।

गेरूड़ के प्रधान केदार देवराड़ी ने बताया कि पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है। हालांकि तेज हवाओं और तूफान के कारण कई इलाकों में लोगों को परेशानियां भी झेलनी पड़ीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *