देहरादून के चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में दून पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी आरोपी हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई ने ही हत्या की साजिश रची थी।
दून पुलिस ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत इस मामले की लगातार जांच कर रही थी। इससे पहले पुलिस उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ में राजन ने खुलासा किया था कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2025 को राजपुर थाना क्षेत्र के जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की हत्या हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। लंबे समय से फरार चल रही जोया को आखिरकार 23 मई 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि मृतक अजय भटेजा और उसके सौतेले भाई अमित भटेजा के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि अमित ने राजन को हत्या की सुपारी दी थी और बदले में जाखन स्थित प्रॉपर्टी में हिस्सा देने का वादा किया था।
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत आरोपी देहरादून पहुंचे और अजय के घर पर ही रुके। पहले अजय को शराब पिलाकर संपत्ति के दस्तावेज लेने की कोशिश की गई, लेकिन जब वे सफल नहीं हुए तो राजन ने तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान जोया भी मौके पर मौजूद थी और उसने साक्ष्य मिटाने में मदद की।
हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए आरोपियों ने शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। इसके बाद कमरे की सफाई कर कई अहम सबूत मिटाए गए और सीसीटीवी डीवीआर व जरूरी दस्तावेज भी साथ ले जाए गए।
फिलहाल पुलिस पूरे षड्यंत्र और मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।