ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक किशोर तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। किशोर अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि एसडीआरएफ और पुलिस की टीम देर शाम तक किशोर की तलाश में जुटी रही।
जानकारी के मुताबिक, देहरादून निवासी चार दोस्त अपने घरों से मंदिर जाने की बात कहकर ऋषिकेश पहुंचे थे। सभी दोस्त त्रिवेणी घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान स्नान करते समय एक किशोर का चश्मा गंगा नदी में गिर गया। चश्मा पकड़ने के प्रयास में वह आगे गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक तेज धारा की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर कुछ दूरी तक पानी में बहता दिखाई दिया, लेकिन तेज बहाव के चलते वह देखते ही देखते नदी में डूब गया। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद वहां तैनात रेस्क्यू कर्मियों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने नदी में कई स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक किशोर का कोई सुराग नहीं लग पाया। अधिकारियों के अनुसार, गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लापता किशोर की पहचान आयुष थापा (17) पुत्र सुनील थापा निवासी ओल्ड कनॉट प्लेस, चकराता रोड, देहरादून के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार किशोर की तलाश में जुटी हुई है।