काशीपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की जहर देकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक का शव भी बरामद कर लिया गया है।
मामले की शुरुआत 1 मई को उस समय हुई जब उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र के ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला निवासी चंद्रवती ने आईटीआई कोतवाली में अपने बेटे कुलवंत सिंह के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने काशीपुर के ग्राम धीमरखेड़ा पार का मंझरा गया था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर गुड्डी ने बताया कि कुलवंत उसी दिन शाम को घर लौटने की बात कहकर चला गया था। हालांकि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। बताया गया कि घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और कुछ लोग कुलवंत को जबरन कार में बैठाकर ले गए थे। इसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुड्डी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि गुड्डी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या, निवासी मसवासी (रामपुर) के साथ प्रेम संबंध था। मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुष्टि हुई कि घटना के दिन दोनों आरोपी घटनास्थल पर मौजूद थे।
पुलिस ने गुड्डी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की साजिश और वारदात को कबूल कर लिया। आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी से तंग आकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत 25 अप्रैल को गुड्डी ने अपने प्रेमी से सल्फास, शराब और बीयर मंगवाई। इसके बाद कपिल मौर्या ने कुलवंत सिंह को शराब में सल्फास मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने शव को कार में डालकर एनएच-74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम की नहर में फेंक दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से शव की तलाश शुरू की और जसपुर क्षेत्र की गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में आईटीआई कोतवाली और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।