मसूरी। पर्यटन सीजन के बीच मसूरी की माल रोड पर रविवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब प्रतिबंधित समय में वाहन प्रवेश को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना भगत सिंह चौक के पास की है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए एक पर्यटक की कार माल रोड के गेट के पास खड़ी थी। उसके पीछे स्थानीय निवासियों का वाहन भी लगा हुआ था। स्थानीय लोगों ने पर्यटक से वाहन हटाने और नियमों का पालन करते हुए प्रतिबंधित समय में माल रोड में प्रवेश न करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते शुरू हुई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले, जिससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। विवाद बढ़ता देख आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए।
यातायात व्यवस्था प्रभावित
घटना के चलते कुछ समय के लिए माल रोड पर यातायात और पैदल आवाजाही बाधित रही, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने किया हस्तक्षेप
सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया और पूछताछ के लिए कुलड़ी चौकी ले जाया गया।
दोनों पक्षों ने दी तहरीर
एडिशनल सब इंस्पेक्टर बुद्धि प्रकाश ने बताया कि माल रोड गेट के पास मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर पर्यटन सीजन के दौरान माल रोड पर नियमों के पालन और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।