मोरी में अवैध अफीम की खेती पर पुलिस का शिकंजा, 31 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

उत्तरकाशी। जनपद के मोरी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध रूप से उगाई जा रही अफीम की फसल को नष्ट करते हुए 31 भू-स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन और नशामुक्त अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में की गई। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण में तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में टीम ने सुदूरवर्ती ग्राम पेन्सर (कनुरा तोक मार्ग) में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान करीब 75 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध रूप से उगाई गई अफीम/पोस्त की खेती को नष्ट किया गया। मौके से पोस्त के पौधों और डंठलों के सैंपल भी एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, बिना लाइसेंस अफीम की खेती करना कानूनन अपराध है। इस मामले में 31 भू-स्वामियों के खिलाफ थाना मोरी में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *