देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर दून पुलिस ने रविवार देर रात सघन नाइट स्ट्राइक अभियान चलाया। इस दौरान होटल, रिजॉर्ट, हॉस्टल, पीजी, पब और बार में व्यापक स्तर पर चेकिंग और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान एक रिजॉर्ट में अवैध रूप से शराब परोसने का मामला सामने आया, जिसमें पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके पर मौजूद 13 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कई टीमों ने एक साथ क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और देर रात बेवजह घूम रहे लोगों को थाने लाकर उनका सत्यापन भी कराया गया।
होराइजन रिजॉर्ट में छापेमारी
अभियान के तहत कोटड़ा संतूर स्थित होराइजन रिजॉर्ट में छापा मारा गया। यहां बिना अनुमति के शराब परोसी जा रही थी। पुलिस ने मौके से रिजॉर्ट संचालक अमृतदीप (22), निवासी गढ़ी कैंट, को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
13 लोगों पर कार्रवाई
रिजॉर्ट में शराब का सेवन करते पाए गए 13 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किया गया। इनमें देहरादून के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के युवक भी शामिल हैं।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने मौके से 11 बोतल अंग्रेजी शराब, 30 केन बीयर और 10 हुक्का डिब्बे सहित अन्य सामग्री बरामद की है।
अभियान रहेगा जारी
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि जिलेभर में इस तरह के सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के आसपास गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों पर सख्त नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।