नैनीताल। भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत दोगड़ा में मंगलवार सुबह वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद किया गया। तेंदुए के पिंजरे में फंसने की जानकारी ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को कब्जे में लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधियां बढ़ गई थीं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने एहतियात के तौर पर पिंजरे लगाए थे।
भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि दोगड़ा समेत आसपास के इलाकों में लगातार तेंदुए देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में ज्योली और भद्ययूनी क्षेत्रों में वन्यजीवों के हमलों में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई है।
उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त पिंजरे लगाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले सुनसान इलाकों में न जाने की अपील की है।