हरिद्वार। कोतवाली क्षेत्र के अत्मलपुर बोंगला बाईपास के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान राजवीर (45) पुत्र अमर सिंह, निवासी धामपुर (जिला बिजनौर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्टरी में कार्यरत था।
स्थानीय लोगों ने सुबह बाईपास किनारे खेत में शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार करने के गहरे निशान हैं। घटनास्थल के पास से एक हथौड़ी और खाली शराब की बोतल भी बरामद की गई है। पुलिस को शक है कि हत्या में हथौड़ी का इस्तेमाल किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में मृतक के परिचितों की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी और मृतक के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी मिल सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।