यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान बढ़ीं चिंताएं, दो दिन में दो श्रद्धालुओं की मौत

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में चल रही यमुनोत्री धाम यात्रा के बीच लगातार हो रही श्रद्धालुओं की मौत ने प्रशासन और यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र में बीते दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई।

ताजा घटना में मध्य प्रदेश के इंदौर से आई 40 वर्षीय महिला श्रद्धालु प्रतिभा मिश्रा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में जानकीचट्टी स्थित स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, महिला को अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले रविवार को भी एक अन्य श्रद्धालु की मौत का मामला सामने आया था। जानकीचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अनुसार, शाम करीब 3:45 बजे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। बाद में उसकी पहचान 65 वर्षीय उदय गजानन तांबे, निवासी नासिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वे भी यमुनोत्री धाम की यात्रा पर थे।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही, यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *