देहरादून। उत्तराखंड में आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने और मजबूत करने के लिए कल राज्यभर में आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान आम नागरिकों के मोबाइल फोन पर एक परीक्षण अलर्ट (टेस्ट मैसेज) भेजा जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है, इसलिए लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
जानकारी के अनुसार, यह परीक्षण सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के जरिए किया जाएगा, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक एक साथ चेतावनी संदेश पहुंचाए जा सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि यह परीक्षण विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके जरिए यह आंका जाएगा कि अलर्ट संदेश कितनी तेजी और सटीकता से लोगों तक पहुंच रहे हैं, साथ ही किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से राज्य में पूर्व चेतावनी प्रणाली को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इस मॉकड्रिल के माध्यम से अलग-अलग परिस्थितियों में अलर्ट संदेशों की विश्वसनीयता और प्रभावशीलता का भी परीक्षण किया जाएगा।
विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने मोबाइल पर आने वाले इस टेस्ट अलर्ट को गंभीरता से लें, लेकिन घबराएं नहीं। यह अभ्यास भविष्य में किसी भी आपात स्थिति के दौरान समय पर और सटीक सूचना पहुंचाने में मददगार साबित होगा।