देहरादून: उत्तराखंड में गर्मी लगातार अपने तीखे तेवर दिखा रही है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में चटक धूप, तेज गर्म हवाओं और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। राजधानी देहरादून में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार के बाद सोमवार को भी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय हालात ऐसे रहे कि बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। लोगों ने घरों में रहकर गर्मी से बचने की कोशिश की।
दिन के साथ-साथ शाम के समय भी गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है और अगले तीन से चार दिन तक लू जैसे हालात बने रह सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह
भीषण गर्मी को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के सूती कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की गई है।
पर्वतीय जिलों में बदल सकता है मौसम
जहां मैदानी क्षेत्र गर्मी से तप रहे हैं, वहीं पर्वतीय इलाकों में मौसम कुछ राहत दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा मैदानी इलाकों से सटे पहाड़ी क्षेत्रों में गर्म हवाएं परेशान कर सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 31 मई तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बरकरार रहेगा।