टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी जनपद अंतर्गत कौड़ियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। ब्यासी के पास सरिये से लदे खड़े ट्रक से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 8 बजे की है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे सरिये से लदा ट्रक खड़ा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान एक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान धूमा देवी (55), पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह के रूप में हुई है। शव कार में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।
अन्य सात घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।