रुद्रपुर में दर्दनाक हादसा: ‘नो एंट्री’ के चलते ट्रैक पार कर रहे श्रमिक की ट्रेन से कटकर मौत, परिजनों का हंगामा

रुद्रपुर: औद्योगिक नगरी रुद्रपुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कंपनी में प्रवेश न मिलने के कारण रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक श्रमिक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और सहकर्मियों ने पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा किया और कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय सुरेश प्रसाद पुत्र बाजीलाल सिडकुल स्थित एक कंपनी में पिछले 18 वर्षों से कार्यरत थे। सोमवार सुबह वह ड्यूटी के लिए निकले, लेकिन कंपनी गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने ‘नो एंट्री’ बताते हुए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया और कुछ समय बाद आने को कहा।

इसके बाद जब सुरेश प्रसाद दोबारा घर से कंपनी के लिए निकले, तो सिंह कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय काठगोदाम से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनका सिर ट्रेन से टकराया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी रुद्रपुर सिटी स्टेशन की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


परिजनों और सहकर्मियों का हंगामा

हादसे के बाद मृतक के परिजन और सहकर्मी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ है।

समाजसेवी सुशील गावा ने कहा कि पुलिस द्वारा दोपहर में ही कंपनी को सूचना दे दी गई थी, इसके बावजूद प्रबंधन ने मृतक के बेटे से काम जारी रखा, जो बेहद अमानवीय है।


बीमार होने के बावजूद बुलाया गया था काम पर

मृतक के बेटे इंद्रजीत के अनुसार, उनके पिता पिछले पांच दिनों से बीमार थे और घर पर ही थे। कंपनी प्रबंधन के कहने पर ही वह सोमवार सुबह काम पर निकले थे, लेकिन गेट पर उन्हें रोक दिया गया। बाद में दोबारा जाते समय यह हादसा हो गया।


जेब से मिली रसीद से हुई पहचान

परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद सुरेश प्रसाद की पहचान उनकी जेब से मिली बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के लिए दिए गए चंदे की रसीद से हुई।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।


एक महीने में तीसरी मौत

रुद्रपुर में पिछले एक महीने के भीतर रेलवे ट्रैक पर हादसों में यह तीसरी मौत है। इससे पहले 15 मार्च को एक युवक और हाल ही में एक महिला की भी ट्रेन की चपेट में आने से जान जा चुकी है।


मुआवजा और नौकरी की मांग, प्रदर्शन की चेतावनी

परिजनों और श्रमिकों ने मृतक के बेटे को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कंपनी गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा।


पुलिस का बयान

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *