रुद्रपुर/किच्छा। किच्छा की नई मंडी में गेहूं खरीद प्रक्रिया शुरू न होने से किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। किसानों की समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ करीब दो घंटे तक धरना भी दिया।
जानकारी के अनुसार, नई मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर तकनीकी कारणों के चलते खरीद कार्य शुरू नहीं हो सका था, जिससे किसान परेशान थे। विधायक बेहड़ ने मौके पर पहुंचकर केंद्र प्रभारी से स्थिति की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि पोर्टल में तकनीकी दिक्कत के कारण खरीद प्रक्रिया बाधित है।
इस पर विधायक ने एसएमओ ओम नारायण मिश्रा सहित संबंधित अधिकारियों को आड़े हाथों लिया और व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद केंद्र पर अव्यवस्था और अनियमितताएं हैं, जिससे किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने साफ कहा कि किसान किसी भी हाल में परेशान नहीं होने चाहिए और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
धरने के दौरान किसानों ने भी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी समस्याएं रखीं। विधायक ने कहा कि किसान पहले ही कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में समय पर फसल की खरीद न होना उनकी चिंता को और बढ़ा रहा है।
धरने की सूचना मिलने पर डिप्टी आरएमओ अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने शाम तक खरीद प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक ने धरना समाप्त किया, लेकिन साथ ही संबंधित अधिकारी को हटाने की मांग भी उठाई।
विधायक बेहड़ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।