रुड़की में दिनदहाड़े फायरिंग: मिस्त्री को बुलाकर की ताबड़तोड़ गोलीबारी, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

रुड़की (हरिद्वार): शहर में आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला दिनदहाड़े फायरिंग का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक मकान में काम कर रहे मिस्त्री को बाहर बुलाकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि मिस्त्री इस हमले में बाल-बाल बच गया, लेकिन घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव बिझौली निवासी गुलशेर रुड़की के बादशाह होटल के पास एक निर्माणाधीन मकान में टाइल्स लगाने का काम कर रहा था। सुबह करीब 9 बजे के बाद साकिब नाम के युवक ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, वहां पहले से मौजूद साकिब और उसके साथी जस्सी उर्फ सावेज ने देशी तमंचे से उस पर फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई लोग दुकानों के अंदर छिप गए। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी और मिस्त्री सुरक्षित बच गया।

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर तमंचे लहराते हुए बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आसिफ निवासी बरला (मुजफ्फरनगर), साकिब, जस्सी उर्फ सावेज और वसीम उर्फ टुन्नू निवासी तेलीवाला (गंगनहर) के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रुड़की के नगला इमरती क्षेत्र में काम को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, वीडियो वायरल
फायरिंग की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर हाथ में देशी तमंचे लेकर फायरिंग करते हैं और फिर बाइक से फरार हो जाते हैं।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *